
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस 12 नए मंत्रियों के साथ दो माह पुराने अपने मंत्रिमंडल का जल्द ही विस्तार करेंगे। सहकारिता मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने बताया कि 12 नए मंत्रियों में से भारतीय जनता पार्टी के छह मंत्री, शिवसेना के दो और चार मंत्री अन्य सहयोगी दलों के होंगे। हालांकि मंत्री ने मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख का खुलासा नहीं किया।
महाराष्ट्र में अक्टूबर में हुए विधानसभा चुनावों में 122 विधायकों के साथ भाजपा राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और फडणवीस ने नौ अन्य मंत्रियों के साथ 31 अक्टूबर को शपथ ग्रहण की थी जबकि सरकार में शामिल होने को लेकर बने गतिरोध के समाप्त होने के बाद शिवसेना पांच दिसंबर को सरकार में शामिल हुई। उस समय शिवसेना और भाजपा के दस-दस नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।
अब ताजा मंत्रिमंडल विस्तार के साथ महाराष्ट्र सरकार में 42 मंत्री होंगे। भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति के नेता सरकार में अपना हक मांग रहे थे। विधानसभा चुनावों से पहले शिवसेना से 25 साल पुराने गठबंधन के टूटने पर भाजपा ने राज्य में आरपीआई, स्वाभिमानी शेतकारी पक्ष, राष्ट्रीय सूरज पार्टी और शिवसंग्राम जैसे दलों के साथ मिलक र चुनाव लड़ा था। पाटिल ने कहा कि राज्य सरकार उन चीनी मिलों के खिलाफ कार्रवाई करेगी जो गन्ना किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित उचित और लाभकारी मूल्यों के अनुसार भुगतान नहीं कर रहे हैं।