![अजमेर के पलटन बाजार में अज्ञात वृद्ध की लाश मिली अजमेर के पलटन बाजार में अज्ञात वृद्ध की लाश मिली](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/11/bfasg.jpg.jpg)
![man found dead at Paltan Bazar Ajmer](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/11/bfasg.jpg.jpg)
अजमेर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पलटन बाजार में सरस्वती स्कूल से पहले पुलिया के पास मंगलवार देर रात एक वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मामला दुर्घटना से जुडा प्रतीत हो रहा है।
मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर शिनाख्तगी के लिए जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया है। थाना प्रभारी करण सिंह ने बताया कि बीती रात करीब ग्यारह बजे स्कूल से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पुलिया के पास पडा हुआ है।
उक्त सूचना के मिलते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां पर करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव लहूलुहान हालत में पडा मिला। मृतक के एक हाथ पर एच.एस.गुदा हुआ है तथा उसका कद करीब पांच फीट आठ इंच है।
मृतक ने कत्थई कलर की शर्ट व पैंट पहन रखी है। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार किसी बाइक चालक ने बाइक तेज गति व लापरवाही से चलाकर उक्त व्यक्ति को टक्कर मारी थी, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आसपास के लोगों से उस मृत व्यक्ति के विषय में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन मृतक व्यक्ति आसपास का नहीं होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। मरने वाला अधेड़ कौन था और कहां का रहने वाला है, पुलिस पता लगाने में जुटी है।