

नई दिल्ली। हॉकी केरल की मरियम्मा कोशी ने शुक्रवार को हॉकी इंडिया का अध्यक्ष पद संभाल लिया है। कोशी नरेन्द्र ध्रुव बत्रा की जगह लेंगी, जो हाल ही में खेल की वैश्विक संस्था एफआईएच के पहले गैर यूरोपीय अध्यक्ष बने हैं।
हॉकी इंडिया ने घोषणा की कि कोशी ने हाकी इंडिया की 41वीं कार्यकारी बोर्ड बैठक में राष्ट्रीय संस्था की अगुआई की। हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद अब हॉकी इंडिया लीग संचालन बोर्ड के अध्यक्ष होंगे।
बत्रा ने एफआईएच अध्यक्ष बनने के बाद हॉकी इंडिया में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई। बत्रा एफआईएच और हॉकी इंडिया दोनों में पद नहीं संभाल सकते| इसलिए उन्होंने राष्ट्रीय संघ के पदों से इस्तीफा दे दिया है।
आज के फैसलों को हॉकी इंडिया कांग्रेस की स्वीकृति मिलनी जरूरी है। बत्रा 2010 से 2014 तक हॉकी इंडिया के महासचिव रहे और 2014 से वह इसके अध्यक्ष थे। उन्होंने हॉकी इंडिया लीग के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है।