

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी और दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। दिन-प्रतिदिन बढ़ते तापमान के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बुधवार को मौसम विभाग ने 6 राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है।
भीषण गर्मी के चलते राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और तेलंगाना राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को इस साल के अब तक के सबसे गर्म दिन के तौर पर दर्ज किया गया। पूरे उत्तर भारत के लोग लू चलने और गर्म हवा की वजह से भीषण गर्मी से परेशान है।
दिल्ली में बुधवार मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। देश की राजधानी दिल्ली और गुजरात के अहमदाबाद में तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। यह पिछले 10 साल में सब से ज्यादा है। गुजरात का सबसे गर्म शहर कंडला रहा। यहां का तापमान 48.4 डिग्री दर्ज किया गया है। अधिकतर राज्यों में तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार देशवासियों को फिलहाल भीषण गर्मी से जल्द राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि राज्यों में गर्म हवाओं की सघनता बढ़कर ‘हीट वेव टू सीवियर हीट वेव’ तक पहुंच सकती है। इस वजह से इन राज्यों में तापमान 47 डिग्री के आसपास रह सकता है।