

लखनऊ। जनता परिवार का महागठबंधन गुरूवार को टूट गया। समाजवादी पार्टी ने अपने को इस गठबंधन से अलग कर लिया। अब सपा बिहार विधान सभा का चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी। इसका निर्णय सपा के संसदीय दल की बैठक में राजधानी लखनऊ में लिया गया।
बैठक के बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. राम गोपाल यादव ने पत्रकारों को बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ है कि पार्टी बिहार में जनता परिवार से अलग होकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशियों की सूची जल्द जारी कर देगी।
राम गोपाल यादव ने कहा कि पार्टी बिहार में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी इसका फैसला पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव बिहार के कार्यकर्ताओं से बात करने के बाद तय करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ेगी तो पार्टी वहां अन्य दलों से भी गठबंधन कर सकती है।
पार्टी महासचिव ने आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार और लालू यादव ने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया। इन लोगों ने सपा का अपमान किया है। इसके बाद पार्टी ने सम्मानजनक तरीके से अपने बलबूते पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।