

मुंबई। भारतीय रेल का मंगलवार को एक और यात्री ट्रेन हादसे का शिकार हो गया। मुंबई में लोकल ट्रेन के आठ डिब्बों के पटरी से उतरने पर एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई लोगों के घायल होने की खबर है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार सुबह 11 बजे अंधेरी से विलेपार्ले के बीच लोकल ट्रेन के आठ डिब्बों के पटरी से उतर जाने पर हुआ। यह ट्रेन विरार से चर्च गेट की तरफ जा रही थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी हो कि सोमवार रात हार्बर लाइन पर सीएसटी स्टेशन के पास लोकल ट्रेन पटरी से उतरी थी। रेस्क्यू टीम मौके पर लोगों को मदद पहुंचाने में जुट गई है। वेस्टर्न रेलवे ने ट्वीट कर इस हादसे की जानकारी दी है।
वहीं, दो दिन पहले सिकंदराबाद से मुंबई जा रही 12220 दुरंतो एक्सप्रेस के नौ कोच शनिवार तड़के पटरी से उतर गए। इस हदसे में दो महिला यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए।
इस घटना के महज बारह घंटे बाद ही कालका-शिमला रेलमार्ग पर भी कालका के करीब एक ट्वॉय ट्रेन के पटरी पर से उतर जाने के कारण दो ब्रितानी महिलाओं की मौत हो गई थी और दस लोग घायल हो गए थे।