

मुंबई। ‘ट्रिप एडवाइजर’ ने एक सर्वे करके कहा है कि भारतीय पर्यटकों के लिए मुंबई देश का सबसे महंगा शहर है, लेकिन विदेशी सैलानियों के लिए यह दुनिया का दूसरा सबसे सस्ता शहर है।
गौरतलब है कि ‘ट्रिप एडवाइजर’ के छठे ट्रिपइंडेक्स सिटीज से यह तथ्य सामने आया है, जिसमें कहा गया है कि विश्व का सबसे सस्ता शहर हनोई है।
रिपोर्ट के अनुसार भारतीयों की तीन दिन की यात्रा के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे महंगा शहर अमरीका का न्यूयॉर्क है, जहां इसका खर्च करीब 1,24,201 रुपए आएगा।
दक्षिण अफ्रीका का केपटाउन वैश्विक स्तर पर तीसरा सबसे कम खर्चीला शहर है। इसके बाद मलेशिया के कुआलालंपुर, थाइलैंड के बैंकॉक और रूस के मॉस्को का नंबर आता है।
इस अध्ययन में चार सितारा होटल में तीन रात रुकने, शहर के तीन महत्वपूर्ण जगह घूमने, हर दिन के दोपहर के खाने, टैक्सी और रात के खाने इत्यादि का खर्च जोडक़र आकलन किया गया है।