

लुसाने। भारतीय हॉकी संघ के प्रमुख नरिन्दर बत्रा अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ(एफआईएच) के अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं। एफआईएच ने अपने कार्यकारी बोर्ड सदस्यों के चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।
एफआईएच ने बताया कि राष्ट्रीय हॉकी संघों की तरफ से तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गयी है जिनमें आस्ट्रेलिया के केन रीड, भारत के नरिन्दर बत्रा और आयरलैंड के डेविड बालबिर्नी शामिल हैं।
नवंबर में होने वाली हॉकी रेवोल्यूशन पार्ट टू कांग्रेस में एफआईएच कार्यकारी बोर्ड सदस्यों के चुनाव होंगे। कार्यकारी बोर्ड के पांच पदों पर दुबई में 12 नवंबर को मतदान होगा।
इसमें एफआईएच के अध्यक्ष का चुनाव भी शामिल है। मौजूदा प्रमुख लियांद्रो नेग्रे पिछले आठ वर्ष से इस पद को संभाल रहे हैं जिनका कार्यकाल अब समाप्त हो रहा है।
कार्यकारी बोर्ड के सदस्यों के लिए कनाडा से मैरी सिसनेली, इंग्लैंड से सू कैटन पुन: चुनाव में उतरेंगी जबकि हालैंड के जान एलबर्स और पाकिस्तान के कासिम जिया दोबारा से अपने पदों के लिये चुनाव में नहीं उतर रहे हैं।
कांग्रेस में एफआईएच कार्यकारी बोर्ड के लिये‘आर्डिनरी मेंबर्स’के चार पदों पर चुनाव होगा। बोर्ड में मौजूदा पांच में से एक सदस्य बत्रा हैं जो इस बार अध्यक्ष पद के चुनाव के दावेदार हैं।