![प्रतिबंध के बारे में सुनते ही बेहोश हो गए थे नरसिंह यादव प्रतिबंध के बारे में सुनते ही बेहोश हो गए थे नरसिंह यादव](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/08/narsingh-yadav.jpg)
![Narsingh Yadav doping case : wrestler become unconscious after hearing ban verdict, says WFI](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/08/narsingh-yadav.jpg)
रियो डी जनेरियो। खेल पंचाट कैस द्वारा अपने ऊपर लगे चार साल के प्रतिबंध के बारे में सुनते ही पहलवान नरसिंह यादव बेहोश हो गए थे। नरसिंह डोप परीक्षण में नाकाम रहने के कारण ओलंपिक खेल गांव से बाहर करने से पहले से ही हताश थे।
भारतीय कुश्ती महासंघ डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि नरसिंह तब बेहोश हो गए थे जब उन्हें स्वदेश में हुए डोपिंग मामले के कारण यहां प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया।
बृजभूषण ने कहा कि नरसिंह कल बेहोश हो गया था। आज ठीक है। हम किसी पर आरोप नहीं लगाना चाहते हैं। हम केवल सीबीआई से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। पूरी जांच के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा।
नरसिंह पर अब डोप का दाग लग चुका है और इस पहलवान ने कसम खाई है कि वह अपनी इस जंग को प्रधानमंत्री कार्यालय तक ले जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेरी तो बदनामी हुई। इससे पूरे देश पर भी काला धब्बा लग गया है। चाहे मुझे फांसी हो जाए मैं इसकी छानबीन करवाउंगा। दिन रात एक कर दूंगा।