![नक्सली संगठन में न शामिल होने पर महिला से गैंगरेप नक्सली संगठन में न शामिल होने पर महिला से गैंगरेप](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/12/rape.jpg)
![Not included in the gang rape of a girl on the Maoist organization](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/12/rape.jpg)
पटना/पश्चिम चम्पारण। बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले की एक महिला के साथ नक्सली संगठन में शामिल होने से इंकार करने पर गैंगरेप करने का मामला प्रकाश में आया है। इस वारदात को नक्सलियों के एक समूह ने अंजाम दिया।
घटना जिले के कंगली थानाक्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यहां बताया कि परशुराम नोकाटोला गांव की निवासी 30 वर्षीय पीड़िता का आरोप है कि मंगलवार की रात कुछ नक्सली दरवाजा तोड़कर उसके घर घुस आए और उस पर नक्सली संगठन में शामिल होने का दबाव बनाने लगे।
महिला ने संगठन में शामिल होने से इंकार कर दिया। इस बात से हथियारबंद नक्सली गुस्से में आ गए और महिला को घर से उठाकर पास के खेत में ले गए वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का पति बाहर रहता है।
दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के साथ ही सभी नक्सली मौके से फरार हो गए। बाद में महिला किसी तरह से पुलिस के पास पहुंची और आपबीती सुनाई। पुलिस महिला की शिकायत के बाद हरकत में आ गई।
नरकटियागंज के डीएसपी अमन कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला के बयान पर कंगली थाने में इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीएसपी ने बताया कि पीड़ित महिला को जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।