
लंदन। मिस वर्ल्र्ड प्रतियोगिता से सिर्फ एक सप्ताह पहले इसकी एक प्रतिभागी और मिस होंडुरास मारिया जोस अल्वाराडो गायब हो गई हैं। उन्हें इसी सप्ताह गुरूवार से शुरू हो रही प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए लंदन आना था।
पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीया अल्वाराडो अपनी बहन सोफिया के साथ पिछले गुरूवार को गृह नगर सांता बारबरा में एक दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में शिरकत करने गई थीं।
इन महिलाओं को आखिरी बार तब देखा गया था, जब वे पार्टी के बाद एक गाड़ी में सवार हो रही थीं। अल्वाराडो ने इस साल अप्रेल में 18 हमवतनों को पछाड़ कर मिस होंडुरास का खिताब जीता था।
पुलिस प्रमुख जोस कोएलो ने कहा कि वे इस घटना को अपराध से जोड़कर नहीं देख रहे हैं, लेकिन इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सोफिया का बॉयफ्रेंड और पार्टी आयोजन स्थल के प्रमुख भी शामिल हैं। उनसे पूछताछ जारी है।
गौरतलब है कि सांता बारबरा दुनिया के सबसे खतरनाक शहर के तौर पर कुख्यात है। यहां से महज 50 किमी दूर सैन पेड्रो सुला में सालाना 1,200 से ज्यादा हत्याएं होती हैं।