

नई दिल्ली/गुवाहाटी/कोलकाता/पटना/रांची। म्यांमार में बुधवार दोपहर आए भयंकर भूकंप के झटके भारत के पूर्वी राज्यों गुवाहाटी, कोलकत्ता, पटना और रांची में भी महसूस किए गए।
भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.8 थी। भूकंप का केंद्र म्यांमार के मंडाले से 190 किमी दूर था। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार भूकंप 85 किमी गहराई में स्थित था। अबतक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं मिली है।
असम में राजधानी गुवाहाटी समेत राज्य के लगभग सभी हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। भूकंप का झटके चार बजकर चार मिनट पर महसूस किये गये। भूकंप के चलते यहां लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।
पश्चिम बंगाल में शक्तिशाली भूकंप से उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में धरती हिलती हुई महसूस की गई। दक्षिण बंगाल के नदिया, बीरभूम, पूर्व मेदिनीपुर जिले सहित कुछ अन्य हिस्सों और उत्तर बंगाल के जलपाईगुडी व मालदह जिलों से भी झटके महसूस किए जाने की खबर है।
राजधानी कोलकाता में 10 सेकेंड तक झटके महसूस किए गए। भूकंप के डर से लोग घर से बाहर निकल भागे। भूकंप के कारण राज्य के प्रशासनिक कार्यालय नवान्न में छुट्टी की घोषणा कर दी गई। वहीं मेट्रो सेवा लगभग 25 मिनट तक बंद रही।
बिहार की राजधानी पटना भूकंप के चलते अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग घरों, कानों और ऑफिसों से निकलकर सड़क पर आ गए। बिहार में मुजफ्फरपुर, मुंगेर, नालंदा, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई और खगड़िया में भी झटके महसूस किए गए हैं।
झारखंड की राजधानी रांची में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। जियोलॉजिस्ट डॉ नीतीश प्रियदर्शी ने बताया कि राजधानी में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं। हालांकि इससे कहीं किसी नुकसान की जानकारी फिलहाल नहीं है। देवघर, बोकारो और चाईबासा के साथ खूंटी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।