![पीएम मोदी ने वाजपेयी को उनके आवास पर जाकर दी जन्मदिन की बधाई पीएम मोदी ने वाजपेयी को उनके आवास पर जाकर दी जन्मदिन की बधाई](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/12/paeey.jpg.jpg)
![Prime Minister modi reaches Vajpayee's residence to wish him on his 92nd birthday](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/12/paeey.jpg.jpg)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आवास पर जाकर जन्मदिन की बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने वाजपेयी के साथ मुलाकात का एक पुराना विडियो भी ट्वीटर पर साझा किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने आकाशवाणी पर प्रसारित मन की बात कार्यक्रम में कहा कि यह देश अटल जी के योगदान को कभी नहीं भुला सकता।
उनके नेतृत्व में हमने परमाणु शक्ति में भी, देश का सिर ऊपर किया। पार्टी नेता हो, संसद सदस्य हो, मंत्री हो या प्रधानमंत्री, अटल जी ने प्रत्येक भूमिका में, एक आदर्श को प्रतिष्ठित किया। अटल जी के जन्मदिन पर मैं उनको प्रणाम करता हूं और उनके उत्तम स्वास्थ्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।
उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता के नाते अटल जी के साथ कार्य करने का सौभाग्य मिला। अनेक स्मृतियां आंखों के सामने उभर करके आती हैं।
आज सुबह-सुबह जब मैंने ट्वीट किया तो एक पुराना वीडियो भी मैंने शेयर किया है। एक छोटे कार्यकर्ता के रूप में अटल जी का स्नेह-वर्षा का सौभाग्य कैसा मिलता था, उस विडियो को देख करके ही पता चलेगा।
सीएम रघुवर ने वाजपेयी को दी जन्मदिन की बधाई
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी आवास जाकर उन्हें जन्मदिन की बाधाई दी। मुख्यमंत्री दास फरवरी में रांची में होने जा रहे इन्वेसर्ट्स समिट के लिए सिंगापुर के उद्योगपतियों को झारखंड में इन्वेस्ट करने के लिए अमंत्रित करने सिंगापुर गए थे।
वह शनिवार की रात सिंगापुर से दिल्ली लौटे थे। इसके बाद उन्होंने अटल जी के जन्मदिन पर पूर्व प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री रविवार के दिन रांची लौटेंगे।
मुख्यमंत्री राजे ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी को दी शुभकामनाएं
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनके 92वें जन्म दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। राजे रविवार को नई दिल्ली में वाजपेयी के 6 ए, कृष्णा मेनन मार्ग स्थित राजकीय निवास पर पहुंची और उन्हें शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु जीवन के लिए मंगलकामना की।