

मुंबई। छह महीनों से भी ज्यादा अपनी हॉलीवुड की फिल्म बेवाच की शूटिंग में व्यस्त रहीं प्रियंका चोपड़ा मुंबई लौट आई हैं। इतने गैप के बाद घर वापसी को लेकर प्रियंका खासी खुश हैं।
उनका कहना है कि घर की याद हमेशा आती है और घर लौटकर हमेशा बहुत अच्छा लगता है। सूत्र बता रहे हैं कि इस बार प्रियंका कुछ दिनों के लिए मुंबई में ही रहेंगी और अपने परिवार के साथ वक्त बिताना पसंद करेंगी।
संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में वे बतौर प्रोड्यूसर अपनी पंजाबी फिल्म सर्वानन का प्रमोशन भी कर सकती हैं। अपनी मराठी फिल्म के लिए प्रियंका ने एक गीत रिकार्ड किया था। प्रियंका की पंजाबी फिल्म 13 जनवरी को रिलीज होने जा रही है।
चर्चा ये भी है कि मुंबई में प्रियंका की बॉलीवुड के कुछ निर्माताओं से मुलाकात भी तय है। इन निर्माताओं में संजय लीला भंसाली और मधुर भंडारकर के नाम बताए जा रहे हैं। भंसाली के साथ प्रियंका ने राम-लीला (आइटम सांग) और बाजीराव मस्तानी में काम किया।
भंसाली इन दिनों अपनी नई फिल्म पद्मावती की शूटिंग मे बिजी हैं। मधुर को लेकर कहा जा रहा है कि वे उनके साथ मैडम जी फिल्म का प्रोजेक्ट आगे बढ़ाना चाहते हैं। मधुर इन दिनों पनवेल में अपनी नई फिल्म इंदु सरकार की शूटिंग कर रहे हैं।