-
rajasthan government will initiate martial art training for girls : anita bhadel जयपुर। राजस्थान की महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल ने बुधवार को बताया कि प्रदेश में महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे।
भदेल ने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि स्कू ल एवं कॉलेज की छात्राओं को आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दक्ष प्रशिक्षको, विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षित महिला कांस्टेबलों द्वारा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिला सलाह सुरक्षा केन्द्रों को टोल फ्री नम्बर प्रणाली से भी जोड़ा जाएगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें राजस्थान आजीविका एवं कौशल विकास निगम की योजनाओं के माध्यम से प्रशिक्षित कर महिला सुरक्षाकर्मी के रूप में रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा।
विभाग की अभिनव पहल आदर्श आंगनबाडी केन्द्र योजना पूरे प्रदेश में लागू होगी। स्वच्छ भारत अभियान से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं साथिनों को भी सक्रियरूप से जोड़ा जाएगा।
भदेल ने बताया कि प्रारम्भिक बाल्य अवस्था देखरेख एवं शिक्षा के लिए आदर्श पाठ्यक्रम व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल भी तैयार किया जाएगा। महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादकों की गुणवत्ता, ब्रान्डिंग एवं विपणन के लिए व्यावहारिक कार्य योजना तैयार कर सभी उत्पादकों को ऑनलाइन किया जाएगा।