

मुंबई। लोकप्रिय मराठी अभिनेत्री निवेदिता सराफ लातूर एक्सप्रेस के ए-1 कोच में सफर कर रहीं थीं। रात में उनके बैग को चूहों ने कुतर डाला।
निवेदिता ने ट्वीट में कुतरे हुए बैग की फोटो लगाकर रेलवे से शिकायत की है। बताया जाता है कि इसके बाद रेल प्रशासन ट्रेन में चूहों की रोकथाम में जुट गया।
मिली जानकारी के अनुसार मराठी अभिनेत्री निवेदिता सराफ 22 सितंबर को लातूर एक्सप्रेस के ए-1 कोच में सफर कर रहीं थीं। सोते समय बैग उनके सिराहने रखा था।
इस बीच चूहों ने बैग कुतर डाला। उनके पति अशोक भी इसी ट्रेन में सफर कर रहे थे। निवेदिता ने ट्वीट करते हुए बताया है कि चूहों की खटर-पटर से उनकी नींद खुली तो उन्होंने पाया कि बैग को चूहे कुतर चुके हैं।
मध्य रेलवे के प्रमुख जनसंपर्क अधिकारी नरेंद्र पाटिल के मुताबिक उनके ट्वीट को रेल मंत्रालय ने गंभीरता से लेते हुए शिकायत के रूप में दर्ज किया है।
पाटिल ने बताया कि रेल स्टाफ समय-समय पर चूहों की रोकथाम करता है, लेकिन यात्री ट्रेन में खाने की चीजें छोड़ देते हैं, जिससे चूहे आ जाते हैं।
रेलवे के एक अन्य आला अधिकारी ने बताया कि चूहों की रोकथाम करने वाला स्टाफ और मुस्तैदी से काम करेगा।
यह भी पढें
बॉलीवुड की मजेदार खबरें पढने के लिए यहां क्लीेक करें