

मुंबई। कंगना रनाउत और आर. माधवन की पिछले सप्ताह प्रदर्शित हुई फिल्म ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ ने दूसरे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर अपना कब्जा जमाए रखा है।
इस शुक्रवार को प्रदर्शित हुई फिल्मों का इस पर कोई असर नहीं पड़ा और इसने अपना दबदबा कायम रखा। इस फिल्म ने भारत में 76.67 करोड़ और दुनियाभर में 101.67 करोड़ की कमाई की है।
भारत में फिल्म ने आठ दिनों में 76.67 करोड़ की कमाई की है वहीं, इसने दूसरे शुक्रवार को 6.65 करोड़ रुपयों का संकलन किया। व्यापार विश्लेषक तरण आदर्श ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स पर नई फिल्मों का कोई असर नहीं हुआ। ये अपना दबदबा बनाए हुए हैं। दूसरे सप्ताह के शुक्रवार भी इसने 6.65 करोड़ रुपए कमाए। कुल 76.67 करोड़। ब्लॉकबस्टर।’
इतना ही नहीं तरण ने एक अन्य ट्विट किया जिसमें उन्होंने बताया, ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स ने दुनियाभर (भारत और विदेशों) में सौ करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया। कुल – 101.67 करोड़। शानदार।’
गौरतलब है कि 2011 में आई फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ के इस सीक्वल ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। महज आठ दिनों में इतनी दमदार कमाई करना फिल्म के लिए बड़ी बात है।