

चंडीगढ़। महिला कुश्ती में एक नया इतिहास रचने वाली हरियाणा की बेटी साक्षी मलिक का ओलंपिक पदक जीतने के बाद पहली बार प्रदेश में प्रवेश करने पर बुधवार को जोरदार स्वागत किया गया।
नई दिल्ली में रात्रि साढ़े तीन बजे रियो से वापस आने के बाद ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने सुबह नौ बजे हरियाणा की सीमा में प्रवेश किया। जहां पर प्रदेश की जनता अपनी बेटी के स्वागत के लिए घंटों पहले से ही जुट गई थी।
साक्षी के हरियाणा में प्रवेश करते ही बड़े बुजुर्गों ने साक्षी के सिर पर हाथ रखकर उसे आशीर्वाद दिया। इसके बाद साक्षी का काफिला सीधे बहादुरगढ़ के कम्युनिटी सेंटर पहुंचा।
जहां पर साक्षी मलिक का स्वागत हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुलदस्ता देकर किया गया। इसी समारोह में मुख्यमंत्री ने साक्षी मलिक को प्रशस्ति पत्र देने के साथ ही ईनाम की राशि ढ़ाई करोड़ रूपए का चेक भी दिया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने साक्षी मलिक को राज्य में बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ अभियान का ब्रांड एम्बेसडर भी नियुक्त किए जाने की घोषणा की।

दिल्ली हवाई अड्डे पर साक्षी मलिक का जोरदार स्वागत
इससे पहले ओलंपिक में देश को मेडल दिलाने वाली पहली महिला पहलवान व हरियाणा की बेटी साक्षी मलिक का मंगलवार रात दिल्ली हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया।
देश व प्रदेश की खेल प्रेमी जनता के साथ ही हरियाणा सरकार के पांच-पांच मंत्री अपनी इस बेटी के स्वागत के लिए आधी रात को हवाई अड्डे पर जुटे रहें।
रियो ओलंपिक में देश को महिला कुश्ती में पहली बार कांस्य पदक दिलाने वाली साक्षी मलिक मंगलवार की देर रात्रि लगभग साढ़े तीन बजे अपने अन्य खेल साथियों व कोेच के साथ दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर पहुंची।
हवाई अड्डे पर साक्षी के परिजनों के साथ ही देश व प्रदेश की सैकड़ों खेल प्रमियों ने उनका जोरदार अभिनन्दन किया।
हवाई अड्डे पर हरियाणा सरकार की तरफ से खेल मंत्री अनिल विज, कैविता जैन, विपुल गोयल, राव नरवीर सिंह व मनीष ग्रोवर ने भी साक्षी मलिका का स्वागत किया। हरियाणा सरकार अपनी इस बेटी को पहले ही राज्य अतिथि का दर्जा दे चुकी है।