

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य तुलसी नारायण ने बताया कि राजस्थान में सेवा व सामाजिक समरसता के लिए साल 2010 में भवानीमंडी में 4 जाति के 7 जोड़े से संस्था ने सर्वजातीय विवाह सम्मेलनों की शुरुआत की थी। साल दर साल यह संख्या बढती गई। इस साल मार्च से लेकर मई तक 194 जोडों का विवाह संपन्न कराया गया।
संस्था यह कार्य श्रीराम -जानकी विवाह समिति के नाम से करती आ रही है। गैरसरकारी व गैरराजनीतिक, बिना किसी प्रचार, लाभ और पाखंड के अनवरत चल रहे इस सामाजिक समरसता कार्य को अब आमजन का समथन मिलने लगा है। समाज के अभावग्रस्त और आर्थिक रूप से कमजोर तबके को सम्मानजनक वैवाहिक अवसर मिले यह प्रयास रहता है।
इसके लिए संस्था के कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग से निरंतर संपर्क में बने रहते हैं। व्यक्तिश: मिलकर इस अच्छे कार्य की जानकारी अधिक लोगों तक पहुंचाने का श्रम करते हैं। संस्था के साथ सबसे बडी मुश्किल आर्थिक खर्च की व्यवस्था करना होता है। इस पुनीत कार्य में आर्थिक सहयोग करने वालों की संख्या अब भी उंगली पर गिने जाने जितनी है।