

नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय एवं विवादास्पद हिंदुवादी नेता साध्वी प्राची ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान पर उनकी घोर असहिष्णुता को लेकर की गई टिप्पणी के लिए लेकर मंगलवार को तीखा हमला बोला और उन्हें राष्ट्रविरोधी और पाकिस्तानी एजेंट करार दिया।
भाजपा महासचिव एवं मध्य प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि शाहरूख यद्यपि भारत में रहते हैं लेकिन उनका मन पाकितान में रहता है। एक दिन पहले ही अभिनेता ने असहिष्णुता के माहौल के खिलाफ विरोध में अपनी आवाज जोड़ते हुए कहा था कि देश में घोर असहिष्णुता है।
विजयवर्गीय और साध्वी प्राची की ओर से यह टिप्पणी हाल के सप्ताह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की ओर से यह आह्वान किए जाने के बावजूद आई है कि पार्टीजनों को असंवेदनशील बयानों से बचना चाहिए।
विजयवर्गीय बिहार चुनाव के लिए पार्टी के रणनीतिकारों में से एक हैं। उन्होंने देश में ‘असहिष्णुता के माहौल’ को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच श्रृंखलाबद्ध ट्वीट में कहा कि शाहरूख रहते भारत में हैं लेकिन उनका मन पाकिस्तान में रहता है। उनकी फिल्में यहां पर करोड़ों रुपए कमाती हैं लेकिन वह भारत को असहिष्णु मानते हैं।
विजयवर्गीय ने कहा कि यदि यह राष्ट्रविरोधी नहीं है तो क्या है। भारत संयुक्त राष्ट्र का एक स्थायी सदस्य बनने का प्रयास कर रहा है और पाकिस्तान सहित सभी भारत विरोधी ताकतें एक षड्यंत्र कर रही हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि देश में असहिष्णुता का माहौल बनाना षड्यंत्र का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि असहिष्णुता के बारे में शाहरूख की टिप्पणी इस ओर इशारा करती है कि वह पाकिस्तान और भारत विरोधी ताकतों से सुर मिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जब पूरा विश्व भारत का सम्मान कर रहा है, असहिष्णुता बढऩे के बारे में बात करना देश को वैश्विक मोर्चे पर कमजोर करता है। भाजपा नेता ने इसके साथ ही मुम्बई विस्फोटों को लेकर शाहरूख से सवाल किया।
उन्होंने कहा कि 1993 मुम्बई विस्फोट में जब सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी तब शाहरूख खान कहां थे। जब मुम्बई पर 2611 हमला हुआ था तब शाहरूख खान कहां थे। साध्वी प्राची ने शाहरूख खान को एक पाकिस्तानी एजेंट करार देते हुए कहा कि उन्हें उस देश भेज दिया जाना चाहिए।
उन्होंने मुजफ्फरनगर में अदालत परिसर में संवाददाताओं से कहा कि शाहरूख खान पड़ोसी देश पाकिस्तान के एजेंट हैं क्योंकि वह उनकी पाकिस्तान की विचारधारा प्रतिबिंबित करते हैं। ऐसे व्यक्ति को पाकिस्तान चले जाना चाहिए।
शाहरूख सोमवार को 50 वर्ष के हो गए। इस मौके पर उन्होंने देश में कथित घोर असहिष्णुता के खिलाफ कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा था कि रचनात्मकता और धर्म के प्रति असहिष्णुता से देश का नुकसान होगा।
उन्होंने कहा असहिष्णुता है, घोर असहिष्णुता है…मेरा मानना है…असहिष्णुता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि असहिष्णु होना मूर्खता है और यह केवल एक मुद्दा नहीं बल्कि हमारा सबसे बड़ा मुद्दा है। देश में धार्मिक असहिष्णुता और धर्मनिरपेक्ष नहीं होना सबसे जघन्य तरह का अपराध है लेकिन इसे आप एक देशभक्त के रूप में कर सकते हैं।