

नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रशासन ने कुलपति और अन्य अधिकारियों को विश्वविद्यालय में बंधक बनाए जाने के मामले में देशद्रोह के आरोपी कन्हैया कुमार और उमर खालिद सहित 20 छात्रों को शनिवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विश्वविद्यालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रोटोकॉल समिति इस मामले की जांच कर रही है। इसी मामले में प्रशासन ने छात्रों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
गौरतलब है कि 15 अक्टूबर को जैव प्रौद्योगिकी का 27 वर्षीय छात्र नजीब अहमद विश्वविद्यालय परिसर से लापता हो गया था। नजीब मूलत: उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला है।
नजीब के साथियों का आरोप है कि गायब होने से पहले रात में नजीब की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े कुछ छात्रों से हाथापाई हुई थी।
उसका कोई सुराग नहीं लगने पर 19 अक्टूबर को छात्रों के एक समूह ने कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और कुलपति एम. जगदीश कुमार और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों को विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन में करीब 20 घंटे बंधक बनाकर रखा। पुलिस अब तक नजीब का पता नहीं लगा पाई है।