

सबगुरु न्यूज-सिरोही। जिले भर में शनिवार को देवझूलनी एकादशी के दिन रेवाडियां निकाली गई। तालाबों के निकट जाकर रेवाडियों में शामिल पालकियों में विराजमान देवताओं को स्नान करवाया गया फिर पूजा के बाद शयन करवाया गया।
जिला मुख्यालय में सिरोही की सिरणवा पहाडियों पर स्थित सिरोही किले के निकट स्थित पद्मनाभ मंदिर में सिरोही के पूर्व राजघराने के रघुवीरसिंह देवडा ने ठाकुर जी की पूजा के बाद पालकी उठाई। यह पालकी आगे निकली तो रास्ते में शहर के अन्य मंदिरों से विभिन्न जातियों और समुदायों की पालिकयां इनके पीछे-पीछे चल पडी।

शहर के सुभाष उद्यान स्थित लाखेराव तालाब के किनारे पर भारी भीड के साथ यह पालकियां पहुंची। तालाब की पाल पर पालकियों को रखा गया। इनमें विराजमान भगवानों की पूजा के बाद शहरवासियों ने बारी-बारी से सभी भगवानों के दर्शन करके भोग लगाया। बाद में पालकियां मंदिरों में लौट गईं।