

जयपुर। कुष्ठ निवारण जागृति पखवाड़ा के उपलक्ष्य में मंगलवार को सक्षम संस्था की ओर से संघ कार्यालय भारती भवन में उत्सव का आयोजन किया गया।
इस दौरान चिकित्सक गजानंद ओझा ने कुष्ठ रोग के बारे में सब को जानकारी दी साथ ही सक्षम के अखिल भारतीय अधिकारी कमला कांत पाण्डेय ने उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में डॉक्टर पंकज जैन को केंसर के अति विशिष्ट सफल ऑपरेशन करने के लिए सम्मानित किया गया।
सक्षम के सह संयोजक राजेश चेडवाल ने कहा कि संस्था की कार्य योजना पर विचार गोष्ठी में चर्चा की गई। अंधता निवारण के लिए संस्था क्या कर सकती है इस बाबत योजना बनाने तथा संगठन के विस्तार पर मंथन हुआ।
सक्षम संस्था के महानगर संयोजक सुधांशु जैन ने बताया कि सक्षम समाज में विकलांगों की क्षमता विकास और अनुसंधान क्षेत्र में कार्य करने वाली एक अखिल भारतीय संस्था है। यह 2018 में भारत को अंधता मुक्त करने के लक्ष्य के लिए भी कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जयपुर व बाहर के गणमान्य डॉक्टर, इंजीनियर, सीए व अन्य प्रबुद्ध जन उपस्थित थे। कार्यक्रम में राजस्थान के अध्यक्ष महावीर उपाध्याय, एसएमएस अस्पताल के अतिरिक्त चिकित्सा अधिकारी सतीश वर्मा भी उपस्थित थे।