

सूरत। वराछा क्षेत्र में पाटीदार आरक्षण आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार रात क्षेत्र के पाटीदारों ने हाल ही में लोकार्पण किए गए सीमाडा ब्रिज से मुख्यमंत्री के नाम वाली तक्ती उखेड़ कर ब्रिज पर लटका दी और ब्रिज पर पाटीदार ब्रिज नाम लिख दिया। घटना सामने आने के बाद शनिवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंच गई और तक्ती को हटा कर बंदोबस्त तैनात कर दिया।
पुलिस के मुताबिक सूरत महानगर पालिका की ओर से सीमाडा के पास लाई ऑवर ब्रिज का निर्माण किया गया है। कुछ दिन पहले मुयमंत्री आनंदीबेन पटेल ने रिमोट कन्ट्रोल से उद्घाटन कर ब्रिज का लोकार्पण किया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात कुछ लोगों ने ब्रिज पर पहुंच कर मुख्यमंत्री की नाम वाली तक्ती पर कालीख पोत दी और बाद में तक्ती को ही उखेड़ कर ब्रिज पर लटका दिया। इसके बाद लोगों ने तक्ती की जगह पर पाटीदार ब्रिज नाम लिख दिया।
सुबह तक्ती को ब्रिज पर लटकते देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तक्ती को हटाया। घटना के संदर्भ में आधिकारीक तौर पर कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। गौरतलब है कि सीमाडा ब्रिज को लेकर पहले से ही पाटीदारों में विरोध जारी है। इससे पहले पाटीदारों ने लोकार्पण से पहले ब्रिज का उपयोग शुरू कर दिया था, तब पुलिस ने ब्रिज पर बंदोबस्त तैनात कर दिया था।