

कानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी अगला विधानसभा चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि सपा ने तीन वर्ष के भीतर उप्र में जितना काम किया है उतना काम कहीं नहीं हुआ है और इसीलिए अपने काम के दम पर विधानसभा चुनाव में उतरेंगे। कानपुर के ग्रीन पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने यह बातें कही।
उन्होंने कहा कि उप्र में सपा अकेले ही चुनाव लड़ेगी। हमारा किसी दल से गठबंधन नहीं होगा। हमने पिछला चुनाव भी विकास के मुददे पर लड़ा था और उस समय भी जनता ने हमें समर्थन दिया था। पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी।
अखिलेश ने कहा कि सरकार ने सभी चुनावी वादे पूरे किए हैं और इसी के दम पर वह एक बार फिर सत्ता में लौटेगी। सपा विकास के एजेंडे पर ही चुनाव लड़ेगी।
इससे पहले ग्रीन पार्क स्टेडियम में अखिलेश यादव ने आशा कार्यक्रम को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हमने हमेशा ही अच्छा काम करने वालों का सम्मान किया है। आशा यात्रा भी एक अच्छा कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा कि हमें बेटी बचाओ कार्यक्र्रम और आगे ले जाना है। इस काम के लिए भारत में सबसे अधिक क्षमता है। सभी को प्रण लेना चाहिए कि वह बेटी को किसी भी कीमत पर बचाएंगे।