

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फैजाबाद में जनसभा में भगदड़ और मेटल डिटेक्टर गेट टूटने की घटना ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था में भारी चूक को उजागर किया है।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में इतनी बड़ी लापरवाही के बाद जनपद के जिलाधिकारी विवेक कुमार ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह जांच एसपी सुरक्षा कर रहे हैं। उन्हें चार घंटे में मामले की रिपोर्ट देनी है। इस मामले में अब जिम्मेदार अधिकारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्वयं इस मामले में कड़ी नाराजगी जतायी है। उन्होंने नाराजगी भरे लहजों में पुलिस जवानों की कमी को लेकर अपनी सुरक्षा पर प्रश्न खड़े किए हैं। अखिलेश यादव चुनावी महासमर में लगातार कई रैलियां कर रहे हैं। हर जिले में प्रशासन को इसकी पहले से जानकारी होती है।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण आलाधिकारी हर चीज का बारीकी से मुआयना करते हैं, लेकिन फैजाबाद में हुई घटना ने अधिकारियों के दावों की पोल खोल दी है।
मुख्यमंत्री के जाते ही जिस तरह से लोगों की भगदड़ से मैटल डिटेक्टर टूट गया, उससे बड़ी घटना हो सकती थी। ऐसे में अब जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
संबंधित आलेख : उत्तरप्रदेश चुनाव की लेटेस्ट न्यूज के लिए यहां क्लीक करें