

सूरत। केंदीय पर्यावरण राज्य मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को यहां कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य सिर्फ चुनाव नहीं है। उन्हें जनादेश अच्छे भारत के निर्माण के लिए मिला है, सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है।
सरकार ने 19 महीनों के दौरान व्यवस्था में मूलभूत परिवर्तन किया है। भ्रष्टाचार रोककर पारदर्शी व्यवस्था बनाई है तो पर्यावरण के क्षेत्र में स्थाई उपाय शुरू हो गए हैं। उन्होंने पर्यावरण को लेकर नई नीतियां लागू करने और केरोसीन में भी सब्सिडी लोगों के खाते में सीधे देने की सरकार की मंशा को स्पष्ट किया।
दो दिवसीय दौरे पर गुजरात आए केंद्रीय पर्यावरण, वन और क्लाइमेंट चेंज राज्य मंत्री प्रकाश जावेड़कर सोमवार को भटार रोड स्थित एक क्लब में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 19 महीनों के दौरान दो प्रमुख बदलाव के लिए काम किया है।
खदानों के आवंटन में होने वाले भ्रष्टाचार को रोकते हुए नीलामी के जरिए यह काम शुरू कराया जिससे सरकार के पास दो लाख करोड़ की आमदनी हुई। दूसरा महत्वपूर्ण बदलाव गैस सब्सिडी मामले में हुई। जनधन के कारण 19 करोड़ लोगों के खाते खुले हैं।