

चंडीगढ़। एसवाईएल नहर के मुद्दे पर शिरोमणि अकाली दल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को घेरने का प्रयास किया।
शिअद अध्यक्ष और पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने केजरीवाल से यह स्पष्ट करने को कहा कि वह एस.वाई.एल. नहर के समर्थन में हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की ‘आप’ सरकार धोखाधड़ी पर उतर आई है।
दिल्ली सरकार का कहना है कि उसे दिल्ली के लिए पानी चाहिए पर यह पानी लाने वाली एस.वाई.एल. के मुद्दे पर लडऩे की जिम्मेदारी पंजाब और हरियाणा पर डाल दी है।
बादल ने कहा कि हलफनामा दायर करना 2017 के विधानसभा चुनाव के लिए सियासी हथकंडा है। सुखबीर ने केजरीवाल से पूछा कि एस.वाई.एल. नहर बनाए बिना पंजाब से पानी क्या उड़कर दिल्ली जाएगा?
दिल्ली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में संशोधित हलफनामे में कहा है कि दिल्ली सरकार को तो बस 1976 की अधिसूचना अनुसार अपने हिस्से का पानी लगातार पाने की फिक्र है। यही अधिसूचना एस.वाई.एल. के निर्माण की आधार बनी।
सुखबीर ने कहा कि यदि ‘आप’ सरकार वास्तव में पंजाबी किसानों के हक में है तो एस.वाई.एल. नहर के मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के स्टैंड का समर्थन करते हुए दिल्ली विधानसभा में भी पंजाब जैसा प्रस्ताव पारित करे।