
उदयपुर के चमनपुरा में हुआ दर्दनाक हादसा, बीती रात हुई थी सास की मृत्यु, अंतिम संस्कार के लिए एकत्र हुए थे लोग
सबगुरु न्यूज उदयपुर। उदयपुर के हाथीपोल क्षेत्र के चमनपुरा में शनिवार सुबह दो मंजिला मकान की छत गिर जाने से एक महिला की मौत हो गई। वह गर्भवती थी। हादसा तब हुआ जब इसी घर की मालकिन सीता की शुक्रवार रात मृत्यु हो गई थी और शनिवार सुबह उसके अंतिम संस्कार के लिए लोग वहां एकत्र थे।
शोक व्यक्त करने आईं 20-25 महिलाएं मकान की पहली मंजिल पर बैठी थीं। मृतका मालकिन सीता की देह भी पहली मंजिल पर ही रखी हुई थी। उसी समय छत भरभरा कर गिर गई। बताया गया कि छत बांस की थी और उस पर दो बार बजरी-रेत-सीमेंट से पक्का फर्श बनाया गया था। इससे बांस पर वजन बढ़ गया और एक साथ इतनी महिलाओं के आने से छत वजन झेल नहीं सकी।
छत गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार मच जाने से पड़ोसी भी दौड़े आए। बाहर मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत महिलाओं को निकालना शुरू किया। मकान के अंदर जाने के लिए पहली मंजिल की एक खिड़की को भी तोड़ना पड़ा।
उदयपुर नगर निगम का बचाव दल पहुंचने से पहले मलबे में दबी महिलाओं को निकाल लिया गया। गंभीर घायल पांच महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्रियंका नामक गर्भवती ने दम तोड़ दिया। मौके पर मौजूद रिश्तेदारों ने बताया कि मरने वाली प्रियंका मृतका मालकिन सीता के रिश्ते में बहू थी। इस घटना को लेकर पूरे खटीक समाज में शोक की लहर है। मृतका सीता के अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान इस हादसे ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया।