
आबूरोड। माउंट आबू में पिछले एक माह से चले आ रहे नगर पालिका महासंग्राम का आखिरकार बुधवार को पटाक्षेप हो गया। पालिका के बीस में से ग्यारह सीटों पर विजयी रही भाजपा के सुरेश थिंगर ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। सुबह ग्यारह बजें तक अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामांकन दाखिल होने के चलते थिंगर को निर्विरोध पालिकाध्यक्ष घोषित किया गया।
माउंट आबू में पालिकाध्यक्ष के निर्वाचन से पहले सांसद देवजी पटेल, रेवदर-आबूरोड विधायक जगसीराम कोली, सुरेश सिंदल समेत कई वरिष्ठ नेता पार्टी के विजयी रहे पार्षदों की बाडें¸बंदी करते हुए पालिका कार्यालय पहुंचे। मजबूत सुरक्षा घेरे में उनको शपथ ग्रहण करवाइ गई।
इसके तत्काल बाद ही पालिकाध्यक्ष की दौड़ में शामिल एक पार्षद को छोड़कर अन्य के साथ वाहनों के बैठकर चलते बने। दोपहर ढाई बजें सांसद व विधायक कोली उनके वाहन में निर्विरोध पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुए थिंंगर को साथ लेकर पालिका पहुंचे। निर्वाचन अधिकारी एच गुईटे ने उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के तत्काल बाद थिंगर को फिरे से कहीं ओर ले जाया गया। इस दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए गए। शपथ ग्रहण होने तक खाकी मुस्तैदी से तैनात रही।
माउंट आबू को बनाएंगे सुंदर
शपथ ग्रहण करने के बाद थिंगोर पहली बार मीडियाकर्मियों से मुखातिब हुए। संक्षिप्त पत्रकार वार्ता के दौरान सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के कश्मीर कहलाने वाले माउंट को सुंदर बनाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। साथ ही बोर्ड की बैठकें नियमित करवाना, विकास कार्य करवाने पर विशेष ध्यान देंगे।
उपाध्यक्ष का चुनाव आज
पालिका उपाध्यक्ष की प्रक्रिया गुरुवार को होगी। जिसके चलते निर्वाचित सदस्यों की बैठक सुबह दस बजे पालिका कार्यालय में होगी। इसके बाद दस से ग्यारह बजे तक उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। साढ़े ग्यारह बजे निर्वाचन अधिकारी द्वारा जांच की जाएगी। दोपहर दो बजे तक नाम वापिस लिए जा सकेेंगे। मतदान होने की दशा में दोपहर ढाई से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतदान के तत्काल बाद मतगणना की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक उपाध्यक्ष पद के लिए सहमति बन सकती है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए अन्य उम्मीदवार के सामने आने पर मतदान होने की संभावनाएं बलवती है।