

लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की निष्ठा भी बदल रही है। खासतौर से पांच साल तक जिस समाजवादी पार्टी की सरकार में शामिल होने के लिए नेता पूरी कोशिश में लगे रहते थे, वही दल अब उन्हें रास नहीं आ रहा है और वह इसे छोड़ रहे हैं।
इसी कड़ी में उन्नाव के भगवंतनगर से सपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर अपनी जिला पंचायत अध्यक्ष पत्नी संगीता के साथ नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
इनके साथ ही बहुजन समाज पार्टी से पूर्व सांसद आर.के. पटेल और बिठूर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी और ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अभिजीत सिंह सांगा, वी.के. सिंह औश्र सुनील सिंह पटेल ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है।
इससे पहले सपा के राष्ट्रीय महासचिव रहे अशोक प्रधान, सपा के वर्तमान प्रत्याशी महेंद्र अरिदमन सिंह और उनकी पत्नी पक्षालिका सिंह भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं।
माना जा रहा है कि अभी कई और सपा नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इनमें कई बड़े नाम बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि यह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव मौर्य के सम्पर्क में हैं।