

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सोमवार को स्वतंत्रता दिवस की धूम है। सूबे के संवैधानिक मुखिया राज्यपाल राम नाईक ने सुबह आठ बजे राजभवन पर तिरंगा फहराया। राजधानी लखनऊ समेत राज्य के सभी हिस्सों में लोग आजादी के जश्न में डूबे हुए हैं।
आज पूरा देश 70वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। भोर से ही हो रही बारिश के बावजूद इस अवसर पर समूचे उत्तर प्रदेश में जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने सरकारी आवास, पांच कालिदास मार्ग पर ध्वजा रोहण किया।
प्रदेश भर में सभी सरकारी और गैरसरकारी प्रतिष्ठानों में आजादी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रदेश की सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी कार्यालय में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ध्वजारोहण करेंगे। भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस की धूम है।
प्रदेश में आजादी का प्रमुख आयोजन विधानसभा मार्ग पर आयोजित हो रहा है। यहां सुबह नौ बजे मार्च पास्ट हो रहा है। इस परेड में घुड़सवार पुलिस, पीएसी के जवान, पीएसी बैंड, यूपी पुलिस के जवान, होमगार्डस टुकड़ी और विभिन्न विद्यालयों के बच्चे शामिल हैं। यह परेड गोल्फ क्लब चैराहे से होकर हजरतगंज होते हुए विधान भवन पर आकर खत्म होगी।

विधान भवन के ठीक सामने बन रहे नये सचिवालय भवन पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ध्वजारोहण किया और वहीं से परेड की सलामी ली। इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव दीपक सिंघल और मंत्रिमंडल के सदस्य मुख्यमंत्री के साथ शिरकत कर रहे हैं।
मार्च पास्ट के चलते राजधानी में रूट डायवर्जन भी किया गया है। विधानसभा मार्ग पर रॉयल होटल और हजरतगंज के बीच सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक आम वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अहमद ने भी सुबह आठ बजे डीजीपी हेडक्वार्टर पर तिरंगा फहराया। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए उत्तर प्रदेश का विधान भवन राष्ट्रीय ध्वज की रंगों वाली बिजली की झालरों से सजाया गया है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी समेत पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। चैराहों पर देशभक्ति के गीतों को ब्राडकास्ट कराया जा रहा है। शाम को राजभवन में विशेष कार्यक्रम आहूत है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उनकी कैबिनेट के अन्य सदस्यों और सूबे के वरिष्ठ अधिकारियों को राज्यपाल की तरफ से आमंत्रित किया गया है।