

देहरादून। विधानसभा चुनावों के ठीक पहले कांग्रेस में उथल-पुथल की स्थिति बन गई है। उस पर प्रदेश कांग्रेस को सोमवार को एक बड़ा झटका तब लगा जब कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने पार्टी से किनारा करते हुए भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।
इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री हरीश रावत से नाराज और सतपाल महाराज के करीबी कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, विधानसभा उपाध्यक्ष अनुसुइया प्रसाद मैखुरी और संसदीय सचिव गणेश गोदियाल के भी भाजपा में शामिल होने की संभावना है। ऐसे में चुनाव के पहले ही कांग्रेस की तैयारियों की हवा निकली हुई है।
माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे यशपाल आर्य अपने साथ अपने सहयोगियों को भी भाजपा की ओर खींच रहे हैं। ऐसे में आर्य के बेटे और युवा कांग्रेस नेता संजीव आर्य भी भाजपा ज्वाइन करेंगे।