

उदयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने को लेकर कोई होड़ नहीं है। उन्होंने कहा कि यह तो मीडिया ने तूल दिया है कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने को लेकर आपस में खींचतान है। पार्टी में आलाकमान ही तय करता है कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा।
उदयपुर संभाग के दौरे पर आए गहलोत शुक्रवार सुबह मीडिया से बात कर रहे थे। इस दौरान गहलोत ने कहा कि वर्तमान सरकार झूठ का पुलिन्दा है और जमकर झूठ बोल रही है। भाजपा सरकार के खजाने में मात्र 50 करोड़ रुपए होने की बात सामने आने पर गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार में वित्तीय कुप्रबंधन बहुत ही ज्यादा है। सरकार पहले से ही दिवालिया घोषित हो चुकी है।
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार भरा हुआ खजाना छोडक़र गई थी, जिसके बल पर ही भाजपा सरकार काम कर रही थी। वर्तमान में भाजपा सरकार की नीतियों के कारण ही खजाना खाली हुआ है।
उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों के खिलाफ है। इस सरकार में किसानों के लिए राहत के कुछ भी नहीं किया है और ना ही किसानों के लिए कुछ विशेष बजट दिया है। गहलोत ने भाजपा सरकार के बजट को केवल गुब्बारा बताया है, जिसकी हवा जल्द से जल्द निकल जाएगी।
इस मौके पर राजस्थान का आगामी मुख्यमंत्री के सवाल को लेकर गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने को लेकर किसी तरह का कोई संशय नहीं है और ना ही कोई विरोध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और वह तीनों कांग्रेस के लिए ही काम कर रहे हैं।
इसे मीडिया ने ही तूल दिया है कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने को लेकर आपस में विरोधाभास है। कांग्रेस में आलाकमान ही तय करता है आगे भी वही तय करेगा। इस मौके पर गहलोत का कांग्रेसी नेताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया।