

मुंबई। 40 वर्षीय महिला द्वारा फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बना कर डॉक्टर से शादी करने का झांसा देकर 25 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाली महिला और गिरोह के तीन साथियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार उस्मानाबाद जिले के तुलजापुर में डॉ. शिवाजी पाटिल को फेसबुक पर पुणे की रहने वाली अपर्णा नामक महिला ने प्रियांका शाह नामक युवती के नाम से फ्रेंड़ रिक्वेस्ट भेजी, जिसका उन्होंने स्वीकार किया।
बाद में दोनों हर रोज चैटिंग करते थे। युवती ने उन्हें शादी का झांसा भी दिया। डॉक्टर उसकी हर बात बेदिक्कत मानते थे। अपर्णा ने कई बार अपनी समस्या बताकर बैंक अकाउंट पर पैसे जमा करने के लिए कहती तो डाक्टर द्वारा अब तक 25 लाख रुपए उसके अकाउंट पर जमा किए थे।
लेकिन जब डॉक्टर ने प्रत्यक्ष रुप से उसे मिलने से कहा तो वह कुछ न कुछ बहाना बनाती थी। आखिर डॉक्टर को शक होने पर वे सीधे उसके द्वारा दिए गए पते पर पुणे पहुंचे। वहां पर 40 साल की अपर्णा मिली, जो प्रियांका के नाम से उनसे चैट करती थी।
उन्होंने उससे पैसें मांगे तो उसने उन्हें और उनके परिवार के लोगों को अपने गैंग के जरिए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करने पर पुलिस ने अपर्णा और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया।