

सहारनपुर। यूपी में सहारनपुर जिले के गंगोह क्षेत्र में चार लोगों द्वारा एक महिला के साथ उसके पति की मौजूदगी में सामूहिक बलात्कार करने का मामला प्रकाश में आया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नितिन तिवारी ने बताया कि सहारनपुर -शामली मार्ग पर दुपहिया वाहन से जा रहे दम्पती को मंगलवार की रात रोककर आरोपियों ने पति को पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उन्होंने महिला से उसके पति के सामने ही बलात्कार किया।
इस दौरान दम्पती का चार माह का पुत्र जमीन पर पड़ा बिलखता रहा। पति के विरोध करने पर आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर उसे जाने से मार देने की धमकी दी। महिला से बलात्कार करने के बाद चारों आरोपियों ने उसे भी पेड़ से बांध दिया।
देर रात एक वाहन चालक ने पीडि़तों की मदद के लिए 100 नम्बर पर फोन करके पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पीडि़त दम्पती को बंधन मुक्त किया इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पीडि़तों को चिकित्सा उपलब्ध करवाई। आरोपियों ने उनसे कोई लूटपाट नहीं की।
तिवारी ने मौका मुआयना किया है और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महिला का अदालत में बयान दर्ज कराया जाएगा।