पेनोरमा बनें पर्यटक और युवाओं के लिए प्रेरणा केन्द्र : दिया कुमारी

जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पेनोरमा को पर्यटक और युवाओं के लिए प्रेरणा केन्द्र बनाने की जरुरत बताते हुए राज्य में ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन महत्त्व के पेनोरमा और भव्य रूप से ज्यादा जानकारी युक्त बनाए जाने के निर्देश दिए हैं।

दिया कुमारी ने कहा कि इन पेनोरमाओं पर अधिक से अधिक संख्या में पर्यटक पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य में पर्यटकों और श्रृद्धालुओं को राज्य के गौरवशाली इतिहास और स्थलों के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिये समयबद्ध रूप से कार्य-योजना बनाकर उसकी क्रियान्विति की जाए। उन्होंने महाराणा प्रताप सर्किट का भव्य रूप से निर्माण किए जाने के भी निर्देश दिए।

दिया कुमारी ने शुक्रवार को पर्यटन भवन में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण द्वारा संचालित पेनोरमाओं के सम्बन्ध में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के पेनोरमाओं/विकास कार्यों पर बिंदुवार चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त विकास कार्यों के लिए विशेष स्थिति में अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होने पर बजट आवंटित किया जाएगा।

उन्होंने पेनोरमाओं के निर्माण के समय महापुरूषों के जीवन को आधुनिक/डिजीटल संसाधनों का उपयोग कर उत्तम तरीके से दिखाने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑडियो वीडियों तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सभी पेनोरमाओं को समयबद्ध रूप से पर्यटकों को अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन पेनोरमाओं के टेण्डर हो चुके हैं उन पर अविलम्ब निर्माण कार्य शुरू किया जाये। उन्होंने जिन पेनोरमाओं के लिए भूमि आवंटन शेष है उन पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि पेनोरमा स्थलों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मार्केटिंग की जाए, इस हेतु वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि जानकारी न होने या कम होने के कारण भव्य पेनोरमा स्थलों पर पर्यटक कम पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोगों के बीच इनकी जानकारी अधिक से अधिक पहुंचाई जाए तो वहां लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटकों, यात्रियों की जानकारी के लिए मुख्य सड़क, रेल मार्गों पर साईनेज लगाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि महाराणा प्रताप सर्किट के विकास कार्य को योजनाबद्ध रूप से गति प्रदान की जाए।

नई पीढ़ी को सिंध सभ्यता से परिचित करवाना हमारी मुख्य जिम्मेदारी : लखावत