नई दिल्ली। संसद की कार्यवाही एक साल में 120 दिन करने की मांग वाला निजी विधेयक आज राज्यसभा में पेश किया गया।
गैर सरकारी सदस्यों के विधान कार्य के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मनोज झा और तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओब्राईन ने इसको लेकर अलग अलग निजी विधेयक पेश किये। झा ने जहां संसद की कार्यवाही एक वर्ष में 120 दिन चलाने की मांग वाला विधेयक पेश किया वहीं ओब्राईन ने 100 दिन किए जाने की मांग वाला विधेयक सदन में रखा।
झा ने संसद (उत्पादकता वृद्धि) विधेयक 2024 पेश करते हुए कहा कि संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 120 चलाई जानी चाहिए। उन्होंने कार्यवाही के दौरान होने वाले व्यावधानों के कारण कार्यवाही पूरी नहीं चलने का हवाला देते हुए कहा कि कार्यवाही का समय भी बढ़ाया जाना चाहिए।
ओब्राईन ने इसके लिए संविधान (संशोधन) विधेयक 2024 पेश किया जिसके माध्यम से अनुच्छेद 85 जोड़ने का प्रस्ताव किया गया है। कुल मिलाकर आज सदन में 77 निजी विधेयक पेश किए गए।