नाबालिगों ने किशोरी से किया रेप, फिर गला घोंटकर मार डाला

डीग। राजस्थान में डीग जिले के खोह थाना क्षेत्र में दो नाबालिगों द्वारा एक किशोरी की दुष्कर्म करने के बाद हत्या करने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार काे बताया कि किशोरी का परिवार गुरुवार की रात कीर्तन में गया था। किशोरी जब घर में अकेली थी, उसी दौरान रात में दो नाबालिग उसके घर में घुस गए। आरोपी किशोरी से दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि सुबह जब किशोरी के परिजन घर आए, तब घटना का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव अस्पताल पहुंचाया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। मृतका तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। दो वर्ष पहले ही उसके पिता का निधन हो गया था।