भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता : मदन राठौड़

डूंगरपुर। राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं जो भाजपा की नींव के पत्थर की भूमिका को बखूबी निभा रहे हैं। राठौड़ गुरुवार को डूंगरपुर जिले के चौरासी विधानसभा क्षेत्र में पीठ सलालेश्वर महादेव परिसर में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कार्यकर्ताओ को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ क्षेत्र में एक बार कमल खिला कर ही विकास संभव हो पाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजना को हर व्यक्ति तक पहुंचाते हुए सब की मदद करने का कार्य करना चाहिए।

बैठक का आयोजन तीन चरणों में किया गया, प्रथम चरण में बूथ स्तर के साथ संगठन के कार्यकर्ताओं की बैठक, दूसरे चरण में जनप्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारियों और तीसरे और अंतिम चरण में सर्व समाज के प्रतिनिधि के साथ बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, राज्य सभा सांसद चुन्नी लाल गरासिया, केबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद मन्ना लाल रावत, विधायक शकर लाल डेचा, प्रदेश मंत्री अनिता कटारा, पूर्व प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा, जिला अध्यक्ष हरीश पाटीदार, सांसद प्रत्याशी महेन्द्रजीत सिंह मालविया, पूर्व विधायक गोपीचंद मीना, विधायक प्रत्याशी बंशीलाल के साथ कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।