जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेमचंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
बागडे ने ईश्वर से हादसे के मृतकों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
शर्मा ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं घायलों को अति शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।
देवनानी ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए दर्दनाक हादसे में कई लोगों के हताहत होने का पीड़ादायक समाचार पाकर मन स्तब्ध है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गहलोत ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात को हुई भगदड़ में कई व्यक्तियों के मारे जाने की खबर अत्यंत ही दुखद है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ के चलते उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के लिए बेहतर इंतज़ाम किए जा सकते थे ताकि ऐसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सकता था। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
इसी तरह दिया कुमारी, डा बैरवा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, भाजपा के हरियाणा प्रभारी एवं राजस्थान में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनिया सहित कई नेताओं ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सीढ़ी पर एक यात्री के फिसलने से हुई दुर्घटना : रेलवे
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन घटना : दिल्ली भाजपा ने स्थगित किए सभी कार्यक्रम