राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) जयपुर संभाग की बैठक संपन्न

जयपुर। राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) जयपुर संभाग की बैठक पटेल कॉलोनी स्थित प्रदेश कार्यालय पर रविवार को प्रदेशाध्यक्ष रमेश चंद पुष्करणा, महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा, प्रदेश सह संगठन मंत्री जयराम जाट के सान्निध्य में हुई।

संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष बसन्त जिन्दल ने बताया कि आगामी 25 अगस्त को जयपुर के जीडी बड़ाया सभागार संस्कृति कॉलेज परिसर में जयदेव पाठक के जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों का प्रारंभ होगा। इस कार्यक्रम के लिए सभी संभाग, जिला पदाधिकारियों को अधिक से अधिक संख्या में अपने जिलों से कार्यकर्ताओ के सम्मलित होने का आह्वान किया। उन्होंने सभी जन प्रतिनिधि एवं अधिकारियों से संपर्क अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

प्रदेश अध्यक्ष पुष्करणा ने कहा कि सरकार के वेतन विसंगतियों को दूर करने के निर्णय, खेमराज कमेटी की सिफारिशें लागू करने के लिए मुख्यमंत्री का आज आभार व्यक्त किया गया।उन्होंने कार्यकर्ताओ को मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से हुई वार्ता की जानकारी देते हुए बताया कि सभी संवर्गो के स्थानांतरण नीति बनाकर ही किए जाएंगे लेकिन कुछ विशेष श्रेणियों प्रताड़ित शिक्षकों एवं अधिकारियों, 80% से अधिक दिव्यांग, डार्क जोन से महिलाओं को सेफ जोन में, पति पत्नी को एक जिले में साथ रखने, आपसी स्थानांतरण विधान सभा सत्र समाप्त होने पर मंत्री मंडल में निर्णय के बाद शीघ्र किए जाएंगे।

सभी प्रकार की पदोन्नतियां 31 अगस्त तक करने के निर्णय, प्रबोधकों की पदोन्नति के लिए वरिष्ठ अध्यापक के नए पदों का सृजन, समान न्यायिक प्रकरणों में विभागीय स्तर पर आदेश जारी कर शिक्षकों को राहत देने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती, विवेकानंद मॉडल विद्यालयों में प्राथमिक कक्षाओं के प्रारंभ, संविदा के 23 हजार शिक्षकों के नियमितीकरण करने का निर्णय लिया गया है।

प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने संघठन के विभिन्न कार्यक्रमों को सक्रियता से निभाने का आह्वान किया। उन्होंने नियत समय में संगठन की ऐतिहासिक सदस्यता लगभग दो लाख तीस हजार (2,30,000) करने वाले सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।