समय का उचित प्रबंधन ही जीवन में सफलता की कुंजी : जसवंत खत्री

जयपुर। राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के पटेल कॉलोनी स्थित प्रदेश कार्यालय में जिला शाखा जयपुर शहर की ओर से कार्यकर्ता प्रबोधन वार्ता का आयोजन किया गया।

मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत खत्री ने समय प्रबंधन विषय पर सारगर्भित मार्गदर्शन करते हुए समय की महत्ता को बहुत ही तर्कसंगत उदाहरणों से समझाया। उन्होंने कहा कि हमें कार्यों को सूचीबद्ध करना चाहिए ताकि कार्य की पूर्णता हो, उनके अधूरे रहने की संभावना ना रहे। जो काम, कम समय में हो सकता है उसके लिए अनावश्यक अधिक समय बर्बाद न करें।

वर्तमान की युवा पीढ़ी ही नहीं वरन घर परिवार के महिला, बुजुर्ग भी टीवी, मोबाइल, कंप्यूटर पर निरुद्देश्य कुछ न कुछ देखते व खोजते रहने में समय जाया करते हैं। सोशल मीडिया पर तर्क वितर्क में व्यस्त रहना, रील्स, फेस बुक, व्हाट्स ऐप आदि अनावश्यक बार बार देखने आदि में हमारा मूल्यवान समय बर्बाद करने से बचना चाहिए।

हर कोई व्यक्ति यह सामान्य रूप से कहता हुआ देखा जा सकता है कि मेरे पास समय नहीं है, जब ईश्वर ने सबको समान समय प्रदान किया है। समय होने पर भी हम समय के प्रबंधन की अकुशलता के कारण ऐसा कहते हैं। समय बचाकर उसे उचित एवं राष्ट्रीय कार्यों में लगाया जाए।

इस अवसर पर राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष रमेशचंद पुष्करणा ने शिक्षक संघ की गतिविधियों कर्तव्य बोध, गुरु वन्दन कार्यक्रम, सदस्यता अभियान, समय के सदुपयोग पर विचार व्यक्त करते हुए कार्यों के विभाजन पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि इससे कम समय में ही बड़े परिणाम प्राप्त होते हैं। इसका एक उदाहरण उन्होंने शिक्षक संघ राष्ट्रीय की प्रथम चरण की सदस्यता के रूप में प्रस्तुत किया कि कैसे हम सबने PEEO संकुल रचना में टीम बनाकर, कार्यों का विभाजन कर इस वर्ष मात्र एक सप्ताह में सदस्यता डेढ़ लाख (पिछले सत्र के समान) के पार पहुंचा दी। शेष एक लाख भी अगले एक सप्ताह में पूर्ण करने का लक्ष्य बनाया।

कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए सभाध्यक्ष संपत सिंह ने अपने उद्बोधन में राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) द्वारा इस वर्ष संस्थापक जयदेव पाठक की स्मृति में वर्ष पर्यंत्र कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष बसन्त जिन्दल ने किया।

कार्यक्रम में प्रदेश संरक्षक राजनारायण शर्मा, बजरंग प्रसाद मजेजी, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष पवन पाण्डेय, जिला मंत्री मेघराज शर्मा, जयपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा, अशोक कुमार शर्मा पूर्व सभाध्यक्ष, दिलीप कुमार शर्मा, चन्द्र प्रकाश शर्मा, नौरंग सहाय, सहित अनेक शिक्षक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।