रजनीकांत चेन्नई के अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

चेन्नई। दक्षिण भारतीय फिल्मों के महानायक रजनीकांत को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत स्थिर है।

बताया जा रहा है कि सोमवार को पेट में तेज दर्द होने की शिकायत के बाद रजनीकांत को चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह डॉक्टरों की देख-रेख में हैं और उनकी हालत स्थिर है।

अस्पताल के एक सूत्र ने बताया कि रजनीकांत को पाचन संबंधी परेशानी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर है। उनके पेट में कुछ दिक्कत है जिसे दूर करने के लिए उन्हें कुछ परिक्षण प्रक्रिया से गुजरना होगा।

तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने रजनीकांत के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। राज भवन के आधिकारिक सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि मैं दुनिया भर में थिरु रजनीकांत के लाखों समर्पित प्रशंसकों के साथ खड़ा हूं और उनके (रजनीकांत के) शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी रजनीकांत के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। सोशल मीडिया के जरिए रजनीकांत के प्रशंसकों ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।