रामद्वारा में चातुर्मास सत्संग के दौरान धूमधाम से मनाया नंद उत्सव

अजमेर। नला बाजार स्थित रामद्वारा में आयोजित चातुर्मास सत्संग के दौरान रामस्नेही संप्रदाय मेड़ता देवल के महंत 108 श्री रामकिशोर महाराज ने कहा कि संसार में पाप, अत्याचार बढ़ने पर श्रीहरि अत्याचारियों का नाश को पृथ्वी पर अवतार लेते हैं।

महाराज ने कहा कि आज भी भगवान अवतार लेने को तैयार हैं, लेकिन उसके लिए हमें अपने को तैयार करना होता है। हम अपने शरीर को मथुरा, हृदय को गोकुल बनाएं तो हृदय पटल पर बालकृष्ण रूप भगवान अवश्य अवतार लेंगे।

धर्म की रक्षा, गांव की रक्षा, यज्ञ की रक्षा, संतों की रक्षा, पृथ्वी के उद्धार और जन-जन के कल्याण के लिए जन्म सामान्य को मुक्ति देने के लिए भगवान भी विशेष अवतार लेते हैं। उन्होंने कंस की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि कंस के अत्याचारों से साधु, संत, ब्राह्मण सभी दुखी थे। कंस के पापाचार से मुक्त करने के लिए भगवान ने अवतार लिया।

इस दौरान इस दौरान भगवान कृष्ण के बाल अवतार की झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने भगवान के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। चहुं और नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की जैसे जय कारों से रामद्वारा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम के मुख्य आयोजन राजेश जादम परिवार ने बताया कि इस दौरान रामद्वारा परिसर को सजाया गया। गोपाल शर्मा, दीपक शर्मा, श्वेता शर्मा भी उपस्थित थे।

इस दौरान मध्य प्रदेश के भजन गायक बंटी राव, उत्तम राम शास्त्री, ध्यानीराम जी महाराज ने एक से एक भजन की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय कर दिया। भक्ति भाव विभोर होकर भक्तजन नाचने लगे। भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।