अयोध्या में रामलला के दर्शन, आरती का समय बदला

अयोध्या। अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन,भोग और आरती की समयसारिणी में मामूली बदलाव किया गया है।

मंदिर प्रशासन ने मंगलवार को राम मंदिर की प्रस्तावित दिनचर्या का कार्यक्रम जारी किया है जिसके अनुसार 3 अक्टूबर से रामलला की मंगला आरती भोर चार बजे के स्थान पर अब साढ़े चार बजे होगी जबकि श्रृंगार आरती 6 बजे की बजाय साढे छह बजे की जाएगी।

रामलला के प्रात:कालीन दर्शन सुबह 7 बजे से होंगे जबकि पहले यह समय साढे छह बजे था। सुबह 9 बजे पांच मिनट के लिए बाल भोग हेतु मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे जिसके बाद श्रद्धालु अपने आराध्य का दर्शन पूजन कर सकेंगे। दोपहर 12 बजे भोग आरती के बाद साढे 12 बजे से डेढ बजे तक पट बंद कर दिए जाएंगे।

सांध्य आरती का समय शाम सात बजे निर्धारित किया गया है जिसके बाद भक्तगण दर्शन आदि कर सकेंगे। शयन आरती रात साढ़े नौ बजे होगी जिसके बाद मंदिर के कपाट अगले दिन तक के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

नवरात्र के अवसर पर अयोध्या में मांस बिक्री पर प्रतिबंध

राम की नगरी अयोध्या में नवरात्र के मौके पर मांस बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि तीन अक्टूबर से 11 अक्टूबर के बीच जिले में बकरा, मुर्गा, मछली समेत सभी मांस की दुकाने बंद रहेंगी। उन्होंने बताया कि आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।