RSS राष्ट्र की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक : कर्नल राज्यवर्धन राठौड़

जयपुर। कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने मातृभूमि की सेवा के लिए समर्पित विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस विजयादशमी के अवसर पर समस्त स्वयंसेवकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि अखण्ड भारत निर्माण के दिव्य ध्येय और राष्ट्र प्रथम की भावना से जोड़ता यह संगठन असंख्य जनों के लिए प्रेरणास्रोत है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मात्र एक संगठन नहीं अपितु निःस्वार्थ सेवा, अनुशासन और अद्वितीय समर्पण का पर्याय है। माँ भारती के वैभव को उच्चतम शिखर पर पहुंचाने हेतु संघ ने करोड़ों भारतीयों के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण में वंदनीय भूमिका निभाई है।

कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि संघ के सभी स्वयंसेवक देश सेवा में सदैव तत्पर रहते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना से ही भारतीय संस्कृति की रक्षा व युवाओं को संगठित कर उनमें राष्ट्रभक्ति के विचारों को सींचने का उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। एक ओर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज सेवा के कार्यों को गति देकर हर वर्ग को सशक्त बना रहा है, तो दूसरी ओर शैक्षणिक प्रयासों से देशहित के प्रति समर्पित देशभक्तों का निर्माण कर रहा है।

संघ के हर एक कार्यकर्ता का समर्पण और बलिदान राष्ट्र निर्माण एवं विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा किया गया हर प्रयास हमारे लिए एक प्रेरणा है। यह संगठन आज राष्ट्र की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक है।

संघ के अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति के सिद्धांतों पर चलते हुए करोड़ों स्वयंसेवक देश की अखंडता, विकास और संस्कृति के लिए समर्पित हैं। संघ का यह प्रयास हर भारतीय के भीतर राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना को प्रबल करता है। संघ के कार्यों से प्रेरित होकर हम सभी राष्ट्र को सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं।