अजमेर। सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सोमवार को पुरस्कार वितरण तथा समापन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.(डॉ.) मनोज कुमार बहरवाल ने कहा कि संविधान में सभी को समानता का अधिकार दिया गया है। महिलाओं को अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए जागरूक होना आवश्यक है। उन्हें अपने साथ होने वाले अन्याय का स्वयं विरोध करना होगा। साथ ही प्राचार्य ने विजेता छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व जिला प्रमुख सरिता गेना ने कहा कि महिलाओं में आगे बढ़ने के लिए आत्मविश्वास होना आवश्यक है साथ ही महिलाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ आत्मरक्षा के तरीके सीखने चाहिएं। महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति करने के साथ अपनी गरिमा को बनाए रखना आवश्यक है। गेना ने बताया कि वर्तमान संदर्भ में एकाकी परिवार की बजाय संयुक्त परिवार में व्यक्ति का सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका प्रो.निधि यादव ने महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में वर्षपर्यंत आयोजित गतिविधियों के बारे में बताते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा निर्देशित महिला नीति के अनुसार विभिन्न कार्यक्रम महाविद्यालय में आयोजित किए गए। जिनमें छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। जिसने उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में मंच संचालन प्रो. मीनाक्षी गहलोत ने किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के अंतर्गत विजेता छात्राओं, महिला प्रकोष्ठ के कार्यकारिणी सदस्य तथा वर्षपर्यंत सक्रिय छात्राओं को पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ.तुलसी पावर, डॉ. सुचित्रा चौधरी, डॉ.देवकी मीणा, डॉ. संगीता पांचाल, डॉ.माया अग्रवाल उपस्थित रही तथा कार्यक्रम में 76 छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में महिला प्रकोष्ठ की सहसंयोजिका डॉ. मोहित प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापित किया।