जयपुर। सेवा भारती समिति की ओर से शनिवार को सेवा सदन जयपुर में नर्सिंग सहायक जीडीए प्रशिक्षण एवं ड्राइविंग विद्यालय, नवीन वाहन का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख अरूण कुमार जैन तथा मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के मंत्री अविनाश गहलोत ने किया।
सेवा भारती की ओर से नर्सिंग एवं मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्य समाज हित की दिशा में एक और कदम है। प्रशिक्षण के बाद सेवा भारती की ओर से रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। अभावग्रस्त एवं निम्न वर्ग के लोगों के लिए यह प्रशिक्षण शुरू किया गया। इसके अलावा सिलाई प्रशिक्षण, कंप्यूटर प्रशिक्षण, दिवाली एलईडी लाइट प्रशिक्षण सेवा सदन में सेवा भारती की ओर से प्रदान किए जाते हैं।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अरुण कुमार जैन ने कहा कि आज जो सेवा प्राप्त करने वाला हैं वे कल सक्षम होकर अन्य जरूरतमंदों की सेवा करें। सेवा ही परमो धर्म है इसी लक्ष्य के साथ सेवा भारती समाज के लिए हर क्षेत्र में कार्य करती है। उन्होंने भारत को सर्वश्रेष्ठ देश बताते हुए कहा कि समाज को मजबूत करने लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। इसी तरह भारत का हर नागरिक महत्वपूर्ण है और इसी उद्देश्य के साथ सेवा भारती कार्य करती है।
मंत्री अविनाश गहलोत ने सेवा भारती की ओर से समाज हित में किए जा रहे कार्यों प्रशंसा की। उन्होंने सेवा भारती के कोविड काल में किए गए सेवा कार्यो को अविस्मरणीय बताया। कोविड काल में सेवा भारती ने जिस तरह सहयोग किया वह सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार से सेवा भारती को जो सहयोग चाहेगी वह करने को वे तत्पर रहेंगे।
इस मौके पर कोगटा फाईनेंस के निदेशक राधा कृष्ण कोगटा एवं नवीन कुमार शर्मा का सराहनीय सेवा कार्यों एवं भामाशाह के लिए सेवा पथिक सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सेवा भारती राजस्थान के अध्यक्ष रामबाबू गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम, क्षेत्रीय सेवा प्रमुख शिव लहरी, मूलचंद सोनी अखिल भारतीय प्रकाशन प्रमुख, सेवा भारती समिति प्रांत अध्यक्ष सुमनलता बंसल, उदय सिंह कुंतल अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राष्ट्रीय सेवा भारती, कृष्ण कुमार अड्डानिया सह प्रांतकार्यवाह जयपुर प्रांत, सूर्यप्रकाश प्रांत सेवा प्रमुख जयपुर प्रांत, द्वारका प्रसादजी प्रांत संगठन मंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहे।