सेक्स सीडी कांड : सीबीआई विशेष अदालत ने भूपेश बघेल को किया बरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सेक्स सीडी कांड मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बड़ी राहत मिली है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने मंगलवार को मामले की सुनवाई के बाद बघेल को बरी कर दिया। विशेष अदालत ने श्री बघेल के खिलाफ लगाई गई सभी धाराएं हटाते हुए श्री बघेल के खिलाफ मुकदमा चलाने का कोई आधार नहीं होने की बात कही।

वहीं कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, सत्यमेव जयते- छत्तीसगढ़ में सेक्स सीडी कांड का मामला पहली बार अक्टूबर 2017 में आया था। दावा किया गया कि इस सेक्स सीडी कांड में तत्कालीन मंत्री राजेश मूणत हैं। इसके बाद रायपुर के सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया।

इस मामले में पुलिस ने दिल्ली से पत्रकार विनोद वर्मा को गिरफ्तार किया था। कांग्रेस ने इसे साजिश बताया था, जिसके बाद इस मामले में सितंबर 2018 में बघेल की गिरफ्तारी भी हुई थी। बघेल उस समय छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे।

इस पूरे मामले में बघेल पर साजिश रचने का आरोप लगा था, जिसके बाद बघेल कोर्ट में जमानत लेने से इनकार कर दिया था और इसे जनांदोलन बना दिया था। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी जीत मिली थी और भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बन गए थे।